संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति ने अपनी महिला मित्र के घर में जहर खा लिया। गंभीर हालत में महिला मित्र ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां देर रात इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक के भाई ने उसकी हत्या किए जाने का संदेह व्यक्त किया है।
कुंडा थाने के ग्राम किलावली निवासी काले सिंह (33) पुत्र प्रभु सिंह का विवाह सात पूर्व दुर्गापुर निवासी आशा से हुआ था। इस दंपति को कोई संतान नहीं हुई। काले मजदूरी करके अपने परिवार का भरण पोषण करता था। चर्चा है कि काले दो वर्ष पूर्व रामनगर निवासी एक महिला के संपर्क में आया था। यह महिला गढ़ीनेगी में किराये के मकान में रहती है। दोनों के बीच आपस में काफी मिलनाजुलना था। काले की ससुराल पक्ष के लोग महिला मित्र से मेलजोल को लेकर उससे नाराज रहते थे। उन्होंने कई बार काले पर महिला से संबंध खत्म करने के लिए दबाव डाला। लेकिन समझाने के बाद भी काले नहीं माना।
इस बात को लेकर परिवार में क्लेश रहने लगा। पांच दिन पूर्व उसकी पत्नी आशा आंखों के ऑपरेशन कराने की बात कहकर दिल्ली गई थी जो रविवार तक न लौटी थी। रविवार की सुबह काले ने अपनी महिला मित्र के घर में जहर खा लिया। महिला मित्र ने ही उसे मुरादाबाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पाकर ग्राम प्रधान गोविंद सिंह लाडी समेत परिवार के कई लोग अस्पताल पहुंच गए। देर रात उपचार के दौरान काले ने दम तोड़ दिया। सोमवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम करा शव मृतक के परिजनों को सौंप दिया है। मृतक के भाई बिट्टू ने अपने भाई की हत्या होने का संदेह व्यक्त किया है। कुंडा थाना प्रभारी मोहन चंद्र पांडे ने बताया कि मृतक का पंचनामा काशीपुर कोतवाली से भरा गया है। इस संबंध में किसी ने उन्हें कोई सूचना नहीं दी है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।