सड़क पार कर रहे पिता-पुत्री को कार ने टक्कर मार दी, जिससे मासूम की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल पिता को सीएचसी से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। परिजनों ने उसे हल्द्वानी के निजी अस्पताल में दाखिल कराया है। बच्ची की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
शक्तिफार्म के बैकुंठपुर गांव निवासी संजय विश्वास (37) पुत्र रूपचंद विश्वास की भुड़िया कालोनी थाना बहेड़ी, बरेली में ससुराल है। दीपावली त्योहार पर संजय अपनी पत्नी बसंती विश्वास और तीन पुत्रियों को लेकर ससुराल गया था। सोमवार को उसकी पत्नी और दो बेटियां ससुरालियों के साथ बाइक से घर को निकल गई। संजय अपनी छह साल की बेटी प्रतिज्ञा के साथ बस से आया।
सुबह करीब दस बजे कठंगरी गांव में दोनों तिराहे पर सड़क पार कर रहे थे। इस दौरान तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। सूचना पर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे एसआई गोधन सिंह राणा ने दोनों को दोनों को सीएचसी पहुंचाया। जांच के बाद चिकित्सकों ने प्रतिज्ञा को मृत घोषित कर दिया और गंभीर हालत होने पर संजय को एसटीएच हल्द्वानी रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर हल्द्वानी के निजी अस्पताल में ले गया। खबर लिखे जाने तक पुलिस को हादसे की तहरीर नहीं दी गई थी।