बाइक सवार दो युवकों ने एक बुजुर्ग सराफ को चकमा देकर साढ़े चार लाख रुपये का सोना उड़ा लिया। घटना के वक्त एक युवक बाहर खड़ा रहा और दूसरा खरीदारी के बहाने दुकान में पहुंचा। युवक ने चांदी का सिक्का खरीदने के बहाने दराज से 150 ग्राम से अधिक वजन की सोने की चेन पार कर लीं। घटना को इतनी सफाई से अंजाम दिया गया कि सराफ को भनक तक नहीं लगी।
वारदात हरि मंदिर गली स्थित अनिल ज्वैलर्स में हुई। दुकान में अनिल भल्ला और उनका पुत्र सचिन भल्ला बैठते हैं। शनिवार शाम सचिन अपने पिता को दुकान पर बैठाकर किसी काम से बाजार चला गया। इसी बीच दुकान में एक युवक खरीदारी करने के लिए पहुंचा। उसने दुकान पर बैठे अनिल भल्ला से सोने का लॉकेट दिखाने को कहा।
अनिल भल्ला बुजुर्ग हैं और बड़ी खरीदारी करने वालों को उनका पुत्र ही डील करता है। इसी को ध्यान में रखते हुए अनिल भल्ला ने लॉकेट दिखाने से मना कर दिया। इसके बाद युवक ने चांदी के सिक्के दिखाने को कहा। चांदी के सिक्के देखने के बाद उसने 400 रुपये में एक सिक्का खरीद लिया। उसके बदले युवक ने पांच सौ रुपये का नोट दिया। इस पर अनिल भल्ला ने पांच सौ का नोट दराज में रखकर उसे 100 रुपये वापस दे दिये।
इसी बीच युवक को दिखाये गये शेष बचे सिक्के जब अनिल भल्ला दराज में नीचे झुककर रखने लगे तो युवक ने मौके का फायदा उठाकर दूसरी दराज में रखी 115 ग्राम की एक, 36 ग्राम की तीन सोने की चेन निकाल लीं। उसके साथ ही युवक ने दराज से पांच सौ रुपये का नोट भी सफाई के साथ निकाल लिया और बाहर खड़े अपने साथी के साथ फरार हो गया। सरेशाम साढ़े चार लाख रुपये का सोना चोरी होने से व्यापारियों में खलबली मच गई। पीड़ित ने मामले की तहरीर कोतवाली पुलिस को दे दी है।
एक घंटे बाद हुआ चोरी का अहसास
दुकान में घुसे शातिर चोर ने घटना को इतनी सफाई से अंजाम दिया कि दुकानदार को जरा भी भनक नहीं लगी। करीब एक घंटे बाद जब अनिल भल्ला का पुत्र सचिन दुकान पर लौटा तो उसे याद आया कि दराज में रखी सोने की तीन चेन किसी को लौटानी है, उसने दराज खोलकर देखी तो दराज से सभी चेन गायब थीं और वह नोट भी गायब था जो चांदी का सिक्का खरीदने आये युवक ने उसके पिता को दिया था। सचिन ने दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली तो उसमें चांदी का सिक्का खरीदने वाला युवक एक और अन्य युवक के साथ दिखा। बाइक सवार घटना से पहले दुकान के बाहर दो-तीन बार चक्कर लगा चुके थे। सचिन के पिता ने फुटेज देखकर दुकान में सिक्का खरीदने के बहाने चोरी करने आये युवक को पहचान लिया।
फुटेज के आधार पर पुलिस कर रही जांच
मुख्य बाजार में सर्राफ की दुकान से साढ़े चार लाख का सोना चोरी होने के मामले की सूचना पुलिस को रविवार सुबह दी गई। इस पर कोतवाल तुषार बोरा ने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। व्यापारी की दुकान में सीसी कैमरा नहीं था जिसके चलते चोरों की पहचान में पुलिस को दिक्कतें आ रही है। बाहर लगे सीसी कैमरे की फुटेज में पल्सर बाइक सवार दो युवकों की फुटेज मिली है, जिसके आधार पर पुलिस ने दोनों युवकों की तलाश शुरू कर दी है। कोतवाल ने कहा घटना का शीघ्र खुलासा कर दिया जाएगा।