एसटीएफ और पुलभट्टा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान बरा के निकट एक नेपाली मूल के युवक को चार किलो चरस के साथ गिरफ्तार किया है। वह 20 साल से बरा में रहकर एक स्कूल बस चलाता था और नेपाल के कंचनपुर से चरस लाकर उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों में बेचता था।
मंगलवार को पुलभट्टा थाने में एएसपी देवेंद्र पींचा ने बताया सोमवार शाम मुखबिर की सूचना पर ग्राम बरा में शिव मंदिर के निकट प्रेम सिंह पुत्र खड़क सिंह को चार किलो चरस के साथ गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई एसटीएफ प्रभारी एमपी सिंह के नेतृत्व में हुई। प्रेम सिंह मूल रूप से कंचनपुर नेपाल का रहने वाला है। वह बरा के एक निजी स्कूल का बस चालक है। आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। एएसपी ने टीम को डेढ़ हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है। टीम में एसओ पुलभट्टा वीडी जोशी, प्रकाश चंद बवाड़ी, देवेंद्र सिंह और एसटीएफ के केपी टम्टा, विकास चौधरी, सुरेंद्र सिंह कनवाल, गोविंद बिष्ट, दुर्गासिंह, महेंद्र गिरी, किशोर कुमार और सलमान थे।