शादी समारोह में डीजे पर डांस करते समय तमंचे से की गई फायरिंग में किशोर घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत खतरे से बाहर है। मासूम के परिजनों ने पुलिस को तहरीर नहीं सौंपी है। मामले को पंचायत में निपटाने का प्रयास किया जा रहा है।
चंदननगर निवासी रवि हाल्दार के पुत्र देबू की शादी वार्ड सात निवासी चंदन सरकार की बेटी से तय हुई थी। सोमवार की रात गांव से वार्ड सात के लिए बारात रवाना हुई। बाराती बैंडबाजे की धुन पर नाचते-गाते पैदल चल रहे थे। बारात में गांव का ही एक युवक तमंचे से हवाई फायरिंग भी कर रहा था। बारात के पंडाल में पहुंचने के बाद जब बाराती डीजे पर डांस करने लगे तो यहां भी उक्त युवक तमंचे से हवाई फायरिंग करने लगा।
बताया जा रहा है कि युवक फायर करने के लिए तमंचे में कारतूस भर रहा था कि अचानक ट्रिगर दब गया। तमंचे से निकली गोली डीजे पर नाच रहे गांव के ही शिवसरकार के बेटे जिपेश (10) के दाहिनी जांघ में धंस गई। इससे विवाह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद गोली चलाने वाला युवक मौके से फरार हो गया। घायल जिपेश को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां मामला पुलिस का बताकर चिकित्सक ने बच्चे को जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसके बाद परिजनों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। थाने से 50 मीटर दूर हुई घटना की सूचना पुलिस को नही दी गई।
थाना प्रभारी डीआर वर्मा का कहना है कि किसी ने अभी तक तहरीर नहीं दी है। फिर भी पुलिस अपने स्तर से जानकारी जुटा रही है। उधर मामला एक ही गांव और रिश्तेदारी का होने के कारण उसे पंचायत में निपटाने का प्रयास चल रहा था।