दिनेशपुर थाने में प्रदर्शन करते विधायक ठुकराल और ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
क्षेत्र के मोतीपुर नंबर एक गांव में एक ग्रामीण की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक शराब का आदी था और उसकी किडनी खराब हो चुकी थी। परिजनों ने पुलिस को सूचित किए बिना शव का दाह संस्कार कर दिया। इधर, क्षेत्र में कच्ची और अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने थाने में प्रदर्शन किया। उन्होंने थानाध्यक्ष का घेराव कर अवैध शराब के कारोबार बंद नही होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
सोमवार सुबह मोतीपुर नंबर एक में रहने वाले विजय सरकार (30) की घर में ही मौत हो गई। मृतक शराब का आदी था और कुछ दिन पहले परिजन इलाज के लिए उसे हल्द्वानी ले गए थे, जहां डॉक्टरों ने जवाब दे दिया था। इधर, कच्ची शराब से मौत की सूचना क्षेत्र में आग की तरह फैल गई। दोपहर मोतीपुर और खटोला क्षेत्र के ग्रामीण रुद्रपुर के विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में थाने पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर क्षेत्र में बिक रही कच्ची शराब के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और थानाध्यक्ष दिनेश फर्त्याल का घेराव किया। विधायक ने रोष जताते हुए कहा कि खटोला ग्राम सभा क्षेत्र में खुलेआम कच्ची शराब की बिक्री हो रही है, जिससे आए दिन लोगों की जान पर बन आ रही है। राधाकांतपुर तिराहे के पास दिनभर शराब की बिक्री होती है। उन्होंने तत्काल अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने की मांग की। थानाध्यक्ष ने कहा कि एक माह में दो दर्जन कच्ची शराब विक्रेताओं को पकड़कर जेल भेजा जा चुका है, अभियान जारी है। प्रदर्शन करने वालों में प्रमोद बोरा, प्रभात साना, विनय ढाली, गनेश विश्वास, अशोक कुमार, दीपू विश्वास, तापस ढाली, प्रकाश मंडल आदि थे।
घेराव के बाद एक्शन में पुलिस, दो दबोचे
दिनेशपुर। कच्ची शराब के खिलाफ ग्रामीणों के लामबंद होने के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई। पुलिस ने बुक्सौरा निवासी महेंद्र सिंह और अमरपुर निवासी दीप सिंह को 10-10 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कर जेल भेज दिया। ब्यूरो