एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने एक विवाहिता की तहरीर पर पति, सास, ससुर, ननद और देवर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सुल्तानपुर पट्टी के मोहल्ला आदर्श कॉलोनी निवासी शाहिद हुसैन की पुत्री शबाना आजमी का विवाह 27 दिसंबर 2014 को थाना मझौला मुरादाबाद निवासी सरफराज हुसैन पुत्र सरकार हुसैन के साथ हुआ था। इस दौरान ससुराली दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे। सात जनवरी 2017 को उसका पति उसे मायके छोड़ गया। बीती सात अगस्त को दोपहर के समय उसका पति सरफराज, ससुर, सास सुआलेहा, देवर सरताज और ननद उजमा उसके मायके आए। इन लोगों ने उसकी मां से कार की मांग की। मना करने पर ससुरालियों ने मारपीट की। शबाना का कहना है कि उसने एसएसपी को शिकायती पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की तो मामला महिला हेल्पलाइन काशीपुर रेफर कर दिया गया। वहां बुलाए जाने पर ससुराली उसे साथ ले जाने को राजी नहीं हुए। शबाना ने बाजपुर में हुए जनता दरबार में एसएसपी के समक्ष अपना प्रकरण रखा। एसएसपी ने बाजपुर थानाध्यक्ष को मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।