कुंडा थाना क्षेत्र के एक गांव में ऑनर किलिंग का मामला चर्चा में है। आग में झुलसती युवती का वीडियो वायरल होने पर एसएसपी ने मामले का संज्ञान लेते हुए कुंडा थाना प्रभारी को जांच के आदेश दिए हैं। प्रेम संबंधों के चलते युवती की पिटाई के बाद उसे जिंदा जलाने का आरोप लगाया जा रहा है।
वहीं, परिजन करंट लगने से उसकी मौत की बात कह रहे हैं। आननफानन में उसका अंतिम संस्कार किए जाने से भी परिजनों की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है। कुंडा थाना पुलिस ने मृतका के ताऊ और तीन भाइयों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में युवती आग की लपटों से घिरी दिखाई दे रही है। वह कुंडा थाने की गढ़ीनेगी चौकी क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली बताई जा रही है।
आग में झुलसकर 18 जून को उसकी मौत हो गई थी। बताया जा रहा है कि घटना के समय उसका पिता घर पर नहीं था। पिता की गैर मौजूदगी में ही परिजनों ने एक घंटे के भीतर ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया। इस बीच उसका आग में झुलसने वाला वीडियो वायरल हो गया और किसी ने इसकी सूचना पुलिस के उच्चाधिकारियों को दे दी।
शिकायत में कहा गया है कि युवती स्नातक अंतिम वर्ष में पढ़ती थी। उसके एक भाई के साले से उसके प्रेम संबंध थे। 18 जून को भाई के हाथ बहन का मोबाइल लग गया। इसमें युवती ने अपने प्रेमी को कई संदेश भेजे थे। चर्चा है कि इस बात से बौखलाए भाई ने अन्य परिजनों की मदद से बहन को आग लगा दी जिससे उसकी मौत हो गई।
एसएसपी बरिंदरजीत सिंह ने कुंडा थाना प्रभारी को मामले की जांच सौंपी है। परिजनों के बयानों में विरोधाभास होने से पुलिस का शक गहरा गया। पुलिस ने छात्रा का मोबाइल भी कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में मामला ऑनर किलिंग का बताया जा रहा है।
कुंडा थाने के एक गांव में छात्रा की संदिग्ध हालात में मौत की सूचना मिली है। मामले में जांच कराई जा रही है। जल्द घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
- बरिंदरजीत सिंह, एसएसपी, ऊधमसिंह नगर।