दोस्तों के साथ घर से गए युवक का शव एक बंद पड़ी पेपर मिल से बरामद हुआ। परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
हरियावाला चौराहे के निकट ग्राम गंगापुर निवासी ज्ञान सिंह ने बताया कि बुधवार रात को गांव के ही चार-पांच युवक घर आए और घूमने जाने की बात कहकर उसके छोटे भाई सचिन (22) को ले गए। रात को सचिन के घर न लौटने पर उक्त युवकों से जब उन्होंने मालूमात की तो उन्होंने बताया कि वे लोग कुछ देर बाद ही आ गए थे। सचिन के गायब होने पर परिजनों ने उसे हर जगह तलाशा, लेकिन वह नहीं मिला।
बृहस्पतिवार शाम सूर्या चौकी में उन्होंने सचिन के लापता होने की सूचना दी। जांच के दौरान देर रात सचिन का शव बंद पड़ी श्री श्याम पेपर मिल परिसर से बरामद हुआ। मृतक के सिर पर चोट का निशान होने के साथ ही खून बह रहा था। ज्ञान सिंह ने अपने भाई सचिन की हत्या की आशंका जताई है। मृतक चार भाई बहनों में सबसे छोटा था। इधर, एएसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि सचिन बंद पड़ी पेपर मिल में कैसा पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि चोरी के मकसद से सभी लोग श्री श्याम पेपर मिल में घुसे थे। संभवत: फैक्ट्री में अंधेरा होने के चलते सचिन तीन मंजिला इमारत से नीचे गिर गया होगा, जिससे उसकी मौत हो गई। जिस स्थान पर सचिन का शव मिला है वहां पर नट बोल्ट, पीतल का सामान खुला हुआ मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण का पता चल सकेगा। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।