सहारनपुर के देवबंद में बदमाशों ने नगर के सांपला रोड स्थित नूर बस्ती में एक मकान पर धावा बोलकर वहां से हजारों रुपये की नगदी और लाखों रुपये कीमत के सोने चांदी के आभूषण लूट लिए।
इस दौरान बदमाशों ने लूटपाट का विरोध करने पर एक व्यक्ति को चाकुओं से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। जिसे सीएचसी से नाजुक हालत के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
लूट की सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना की बाबत पूछताछ करते हुए बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा।
बृहस्पतिवार की रात करीब 1.30 बजे चार बदमाशों ने नूर बस्ती निवासी अफजाल के घर पर धावा बोल दिया। बदमाश मेन गेट का ताला तोड़कर भीतर घुस गए। उन्होंने पहले दो कमरों को बाहर से बंद कर दिया।
एक कमरे में अफजाल की पत्नी हुस्नजहां बेटियों के साथ सो रही थी और दूसरे कमरे में उसका देवर मुकर्रम और उसकी पत्नी लेटे हुए थे। इसके बाद बदमाश अफजाल के बेटे असजद के कमरे में घुस गए और उसे तमंचे के बल पर बंधक बना लिया।
उन्होंने अलमारी के ताले तोड़कर उसमें रखी 50 हजार रुपये की नगदी, 2 सोने के लॉकेट, सोने के कुंडल, 3 जोड़ी चांदी की पाजेब, 10 चांदी की अंगूठी समेत अन्य कीमती सामान लूट लिया।
इस दौरान असजद ने लूटपाट का विरोध किया तो बदमाशों ने उसके साथ जमकर मारपीट की और चाकुओं से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। बदमाशों के जाने के बाद गंभीर हालत में असजद जैसे तैसे कमरे से बाहर निकला और शोर मचाते हुए परिजनों को जगाया।
उसने ही बाहर से बंद दरवाजों में लगी कुंडी खोली। असजद को लहूलुहान अवस्था में देख परिजनों के होश उड़ गए। इस बीच शोर की आवाज सुनकर आस पड़ोस में रहने वाले लोग वहां पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
जिसके बाद सीओ सिद्धार्थ सिंह और कोतवाल पंकज कुमार त्यागी घटनास्थल पर पहुंचे और पूछताछ करते हुए घायल को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उसे चिकित्सकों ने नाजुक हालत के चलते प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
कोतवाल पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि हुस्नजहां की तहरीर पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच शुरु कर दी गई है। शीघ्र ही इसका खुलासा किया जाएगा।
परिचित हो सकते हैं लूट करने वाले
बदमाशों को पहले से ही पता था कि किस कमरे में कौन लेटता है और नगदी व जेवर कहां रखे हुए हैं। इतना ही नहीं उन्हें बिजली के बोर्ड कहां लगे हैं और किस स्विच से कौन से लाइट जलती है ये तक की जानकारी थी। बताया जाता है कि बदमाशों ने भीतर घुसने के बाद लाइट जलाई और दरवाजों की कुंडी लगाकर लाइट बंद कर फिर वह असजद के कमरे में घुसे।