जिले में आपराधिक वारदातों की रोकथाम को अब पुलिस पेशेवर अपराधियों की सूची तैयार कर रही है। सूची तैयार होने के बाद अपराधियों के मोबाइल नंबर, फोटो, फ्रिंगर प्रिंट और वर्तमान स्थिति का भौतिक सत्यापन करेगी।
ताकि किसी भी तरह की वारदात होने पर उनके लोकेशन के जरिए वारदात में संलिप्तता का पता लग सके।
कुमाऊं मंडल का जिला ऊधमसिंहनगर आपराधिक वारदातों के मामले में अव्वल है।
2014 की ही बात करें तो इस वर्ष जिले में हत्या के 45, डकैती के तीन, लूट के 21, वाहन लूट के सात, गृहभेदन के 46, वाहन चोरी के 296, बलवा के 80, फिरौती के लिए अपरण का एक, महिला अपहरण के 54, दहेज हत्या के 10, दुराचार के 41 मामलों सहित अन्य मामलों के करीब 2067 मामले पंजीकृत हुए।
इनमें कुछ वारदातों को पेशेवर अपराधी अंजाम देते हैं। जिले में लगातार बढ़ रही वारदातों को देखते हुए अब पुलिस पेशेवर अपराधियों की सूची तैयार करने में जुट गई है। एसएसपी नीलेश आनंद भरणे ने बताया कि सूची तैयार होने के बाद पेशेवर बदमाशों के मोबाइल नंबर के साथ ही फोटो, फ्रिंगर प्रिंट और वर्तमान स्थिति का भौतिक सत्यापन किया जाएगा।