सिंचाई विभाग की जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए कांग्रेसियों ने मंगलवार से धरना देने का ऐलान किया है। धरने के लिए लाउडस्पीकर से प्रचार करने पर बखेड़ा हो गया। किच्छा विधायक राजेश शुक्ला की अगुवाई में भाजपाइयों ने कोतवाली पहुंचकर प्रचार को भाजपा नेताओं को बदनाम करने की कोशिश करार दिया तो पुलिस ने प्रचार वाहन जब्त कर लिया। इससे गुस्साए कांग्रेसियों ने कोतवाली में जमकर हंगामा काटा। कोतवाली में राजेश शुक्ला और हरीश पनेरू के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने पनेरू का शांतिभंग में चालान कर दिया। देर शाम एसडीएम कोर्ट से उन्हें जमानत मिल गई। घटना से कोतवाली में दिनभर गहमागहमी रही। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली में तहरीर दी है।
मंगलवार को कांग्रेस प्रदेश महासचिव हरीश पनेरू और दुर्गेश गुप्ता ने रोडवेज सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर मंगलवार को प्रस्तावित धरने के लिए रिक्शा में लाउडस्पीकर लगाकर प्रचार कराया जा रहा था। प्रचार में सफेदपोश नेेताओं पर सिंचाई विभाग और रोडवेज की जमीन को खुर्दबुर्द करने की बात कही जा रही थी। जब किच्छा विधायक राजेश शुक्ला को इसकी जानकारी हुई तो वे कार्यकर्ताओं के साथ कोतवाली जा पहुंचे। उन्होंने पुलिस को सौंपी तहरीर में कहा कि कांग्रेसी नेता पनेरू बिना नाम लिये भाजपा नेता और जनप्रतिनिधि को बदनाम कर रहे हैं। विधायक की शिकायत पर पुलिस ने रिक्शा जब्त कर प्रचार बंद करा दिया।
इससे नाराज हरीश पनेरू और दुर्गेश गुप्ता कोतवाली पहुंचे और धरने पर बैठ गए। इसी बीच दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मामला गालीगलौच तक पहुंच गया। बात हाथापाई तक पहुंचती, उससे पहले ही पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग कर दिया।
हंगामे से कोतवाली में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने विधायक की तहरीर पर हंगामा कर रहे पनेरू को हिरासत में ले लिया, जबकि दुर्गेेश निकल गए। इसके बाद विधायक शुक्ला समर्थकों के साथ दुर्गेश की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। वहां पहुंचे एएसपी देवेंद्र पिंचा ने दुर्गेश की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन देकर धरना खत्म कराया। पुलिस ने हरीश पनेरू को एसडीएम कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया। जमानत पर छूटने के बाद पनेरू ने विधायक और भाजपाईयों के खिलाफ अभद्रता का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने देर शाम रिक्शे को भी छोड़ दिया।
सीओ से भी हुई पनेरू की नोकझोंक
कोतवाली में हो रहे हंगामे को देखकर पुलिसकर्मियों के हाथपांव फूल गए। कोतवाली परिसर में धरने पर बैठे पनेरू को समझाने के लिए सीओ हिमांशु शाह वहां पहुंच गए। उन्होंने पनेरू से धरने की बजाए अपनी बात रखने की अपील की तो वे भड़क उठे। पनेरू ने सीओ पर सत्ता के दबाव में काम करने की तोहमत मढ़ डाली। इसको लेकर सीओ और पनेरू के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। इसी बीच वहां पहुंचे एएसपी देवेंद्र पिंचा से भी पनेरू तकरार हुई। मामला बढ़ता देख पुलिस ने पनेरू को हिरासत में ले लिया।
सिंचाई विभाग की जमीन को लेकर हुआ बखेड़ा
रोडवेज स्टेशन के पीछे सिंचाई विभाग की जमीन है। यह जमीन वर्तमान में यूपी सरकार के अधीन है। इस जमीन को कब्जाने को लेकर चर्चाएं तेज हैं। किसी नेता के जमीन को कब्जाने की कोशिश की अफवाह है। इसी को आधार बनाते हुए कांग्रेसियों ने भाजपा के खिलाफ आंदोलन का बिगुल फूंका है।
आसपास के थानों से बुलवाया फोर्स
भाजपा और कांग्रेसियों के बीच कोतवाली में हुए बखेड़े के बाद पुलिस सतर्क हो गई है। इसको लेकर आसपास के थानों से फोर्स भी मंगवा लिया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी देवेंद्र पिंचा भी कोतवाली पहुंच गए थे। शाम को मामला निपटने के बाद फोर्स को वापस भेज दिया गया था।
भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता और पूर्व में विधानसभा चुनाव में हुई करारी हार से कांग्रेसी बौखलाए हुए हैं। वे पूर्व सीएम हरीश रावत की हार को पचा नहीं पा रहे हैं। हरीश पनेरू और दुर्गेश गुप्ता घटिया आरोप लगाकर भाजपा को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। दोनों ने मेरे साथ गाली-गलौच करते हुए मुझे जान से मारने की धमकी दी है।
- राजेश शुक्ला, विधायक, किच्छा
=:=============:=
- भाजपाई सत्ता के नशे में चूर हैं। रोडवेज बस अड्डे के पास की जमीन भू-माफिया अपने नाम करवाने के विरोध में धरना प्रदर्शन का प्रचार करवाया जा रहा था, लेकिन किच्छा विधायक और कार्यकर्ताओं ने प्रचार वाहन को पुलिस से कहकर बंद करवा दिया। इन लोगों ने कोतवाली में मेरे साथ गालीगलौच की और फौजदारी पर आमादा हो गए। इसकी तहरीर कोतवाली में दी गई।
हरीश पनेरु, प्रदेश महासचिव, कांग्रेस
- कोतवाली में भाजपा और कांग्रेस के लोगों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए अपनी मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया था। दोनों पक्षों को समझाबुझाकर मामला शांत करा दिया गया है। दोनों पक्षों की ओर से आयीं तहरीरों की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
देवेंद्र पिंचा, एएसपी