फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिनेशपुर रोड पर बदमाशों ने केनरा बैंक का एटीएम तोड़ा

Fri, 04 Nov 2016 11:28 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, ऊधमसिंह नगर
विज्ञापन
एटीएम - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
अज्ञात बदमाशों ने गुरुवार की रात थाना क्षेत्र के कस्बा कालीनगर बाजार के बीचोबीच लगे केनरा बैंक के एटीएम को तोड़कर उसे लूटने का प्रयास किया। किसी कारणवश बदमाश अपने मकसद में कामयाब नहीं हुए। घटना की जानकारी सुबह हुई। सूचना पर पुलिस ने मौका मुआयना कर एटीएम के बेल्डर व लोगों से जानकारी ली। घटना के संबंध में बैंक की ओर से अभी तक कोई तहरीर थाने में नही दी गई। 
विज्ञापन



केनरा बैंक का यह एटीएम 24 घंटे खुला रहता है। मगर इसमें कोई सुरक्षा गार्ड नहीं है। इसका फायदा उठाकर गुरुवार की मध्य रात्रि को बदमाश एटीएम में घुसे। उन्होंने सबसे पहले एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे को काले पेंट से पोत दिया। 

उसके बाद उन्होंने एटीएम के पीछे स्थित स्टोर के एल्युमीनियम के दरवाजे को आरी से काटकर भीतर घुसे। मगर बदमाशों के हाथ कुछ नहीं लगा। उन्होंने एटीएम को उखाड़ने का प्रयास भी किया, मगर उन्हें सफलता नहीं मिली। सुबह 6 बजे के करीब एटीएम में झाड़ु पोछा करने वाली महिला साबु मिस्त्री वहां आई तो एटीएम का स्टोर टूटा देख उसके होश उड़ गए। 
विज्ञापन


उसने तत्काल मकान मालिक तारक सरकार को घटना की जानकारी दी। मकान मालिक ने सबसे पहले एटीएम के बेल्डर अमित कुमार को घटना की जानकारी दी। उसके बाद पुलिस को सूचना दी। थानाध्यक्ष मनोज रतूड़ी पुलिस कर्मियों के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने जानकारी लेकर एटीएम का शटर बंद करके उसमें ताला लगा दिया। 

पेशेवर नहीं थे बदमाश

कालीनगर में गुरुवार की रात को एटीएम लुटने आए बदमाश यदि पेशेवर होते तो अशोका लीलेंड की तरह यह एटीएम भी आसानी से लुट जाता। बदमाशों के क्रियाकलापों से प्रतीत होता है कि वह नौसिखिये थे। एटीएम में कहां कैश रहता है, संभवत: इसकी पर्याप्त जानकारी शायद उन्हें नहीं थी। नहीं तो वह स्टोर रूम का दरवाजा नहीं काटते। उनके पास संभवत: पर्याप्त औजार भी नहीं थे। मकान मालिक तारक सरकार का कहना है कि घटना रात के 12 बजे के बाद की है। क्योंकि 12 बजे तक वह लोग घर में जगे हुए थे, तब तक उन्हें कोई हलचल का आभास नहीं हुआ। 

एक सप्ताह से खराब पड़ी थी मशीन

कालीनगर स्थित केनरा बैंक के जिस एटीएम को बृहस्पतिवार रात को लूटने का प्रयास किया गया वह पिछले एक सप्ताह से खराब पड़ा था। मकान मालिक के पुत्र विश्व का कहना है कि एटीएम में रकम भी न के बराबर थी। उसने बताया कि रखरखाव और एटीएम को मेंटेन करने की जिम्मेदारी हिटाची कंपनी की है। टनकपुर निवासी अमित कुमार इसका बेल्डर है। कई बार कहने के बाद भी एटीएम को सुचारु नहीं किया गया। कहा कि शरारती तत्वों ने सप्ताह भर पहले एटीएम के मेन गेट के दरवाजे में लगे शीशे को तोड़ दिया था। 

बैंक की है लापरवाही, गार्ड नहीं था : थानाध्यक्ष

थानाध्यक्ष मनोज रतूड़ी का कहना है कि घटना पूरी तरह से बैंक की लापरवाही से हुई है। पुलिस द्वारा कई बार चेतावनी देने के बाद भी एटीएम में गार्ड नहीं रखा गया। उनका कहना है कि अभी तक इस मामले में पुलिस को कोई तहरीर भी नहीं मिली है। उनका कहना है कि लापरवाही बरतने के लिए बैंक और ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया है। बैंक के खिलाफ मुकदमा भी कायम किया जाएगा। उन्होंने अन्य बैंकों को भी नोटिस जारी कर अपने-अपने एटीएम की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें