राज्य सीमा पर यूपी के गांव बिजारखाता (रामपुर) स्थित ईदगाह के सामने मुरादाबाद से बाजपुर दोराहा आ रही प्राइवेट बस सड़क किनारे खेतों में जाकर पलट गई। हादसे में दस वर्षीय बालक की मौत हो गई, जबकि 24 यात्री घायल हो गये।
बस में 40-45 यात्री सवार बताये गये हैं। घायलों को स्वार, रामपुर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के चाचा की तरफ से यूपी के थाना स्वार में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
मुरादाबाद से बाजपुर दोराहा आ रही प्राइवेट बस का पट्टा रविवार को अचानक टूट गया। जिससे बस सड़क किनारे खेतों में जाकर पलट गई। घायलों की चीख पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बस के नीचे दबे यात्रियों को बाहर निकाला।
तब तक बस से दबकर रेहान (10) पुत्र शकील अहमद निवासी दढ़ियाल (रामपुर) की मौत हो गई। हादसे में अनीसा, अमीरजहां निवासी टांडा (रामपुर), रिजवान, मुख्तयार यूपी के गांव लांबाखेड़ा (रामपुर), गंगादेई, मीना निवासी गांव फत्तावाला (रामपुर), शाइस्ता, नसीम जहां अफसर अली निवासी दढ़ियाल (रामपुर), सलामत, रियासत अली सेहपुरा टांडा (रामपुर) सहित 24 यात्री घायल हो गये। घटना के बाद चालक, क्लीनर फरार हो गये।