पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने आईपीएल मैचों में आनलाइन सट्टे के कारोबार का पर्दाफाश करते हुए दो सटोरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चार मोबाइल फोन और आठ हजार रुपये बरामद हुए।
रविवार शाम एएसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया थाना क्षेत्र में पिछले काफी समय से सट्टेबाजी की जानकारी मिल रही थी। इसके बाद पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम गठित कर सट्टेबाजों की धड़पकड़ में लगाया गया था। शनिवार की रात मुखबिर से सूचना मिली कि जाफरपुर के गुरुकृपा मोबाइल कम्युनिकेशन में आईपीएल मैच में आनलाइन सट्टेबाजी की जा रही है। टीम ने दुकान में छापा मारा तो जाफरपुर निवासी सौरव मक्कड़ उर्फ हैप्पी और रजत चिलाना को मोबाइल फोन के जरिये आइपीएल के मैच में हार जीत का सट्टा लगाते और पेटीएम से लेनदेन करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। दोनों के खिलाफ धारा 13 जुआ अधिनियम और 66 आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजा गया है। टीम में थाना प्रभारी डीआर वर्मा, एसओजी प्रभारी तुषार बोरा, एसआई महेश चंद्र, कपिल कंबोज, एसआई एसओजी पंकज कुमार, कांस्टेबल हेम चंद्र, राजीव जोशी, चंद्रशेखर, खीम सिंह, सुबोध शर्मा, संतोष रावत, मदन लाल आदि थे।