रुद्रपुर। जाफरपुर क्षेत्र में बाइक सवार को कुचलने के मामले में पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। संजय नगर वार्ड 11 निवासी महेंद्र ने कोतवाली पुलिस को सौंपी तहरीर में कहा है कि बीती 19 नवंबर को उनका बेटा सूरज बाइक से अपने दोस्त शंकर से मिलने गया था। शाम करीब सात बजे सूरज और शंकर जाफरपुर मोड़ पर सड़क किनारे खड़े होकर आपस में बात कर रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया और फरार हो गया। हादसे में घायल दोनों युवकों को आसपास के लोगों ने एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने सूरज को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ब्यूरो