रुद्रपुर। मेट्रोपोलिस सिटी में दो दिन पहले हुई चोरी के मामले में पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा है। पुलिस कॉलोनी के गेटों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही दर्जन भर संदिग्धों से पूछताछ कर चुकी है।
बता दें बीते शुक्रवार को चोरों ने मेट्रोपोलिस के एफ-143 में निवासी विनय वर्मा के घर का ताला तोड़कर छह लाख के जेवरों के साथ ही हजारों की नगदी और कुछ घरेलू सामान पार कर लिया था। पुलिस ने कई संदिग्धों से पूछताछ की, वहीं कॉलोनी में आने जाने के लिए बने तीनों गेटों पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। कॉलोनी के दो नंबर गेट के सीसीटीवी कैमरे में पुलिस को दो संदिग्ध कॉलोनी में आते हुए दिखे थे। संदिग्धों को पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए अपनी हिरासत में लिया था, लेकिन उनसे भी पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस के अनुसार दोनों संदिग्ध युवक कॉलोनी में ही काम करते हैं। फिलहाल पुलिस चोरी के खुलासे के लिए कुछ और संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। एसओ संजय पाठक ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए कार्यवाही की जा रही है।