खटीमा। क्षेत्र के पीलीभीत रोड स्थित भुजिया नंबर तीन में रविवार देर सायं एक युवक पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सरकारी अस्पताल के चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। बाद में उसकी रास्ते में मौत हो गई।
अस्पताल में रमा गुप्ता ने बताया कि उनका कुछ लोगों से जमीन का विवाद चल रहा है। इसी के चलते एक व्यक्ति ने उनके बेटे दीपक गुप्ता (18) पुत्र दयाकिशन निवासी भुजिया नंबर तीन को चाकू मारकर घायल कर दिया। अस्पताल के डॉ. अकलीम अहमद ने बताया कि दीपक के कमर के नीचे करीब तीन इंच का घाव है। उसे रेफर कर दिया है। बताया गया कि हायर सेंटर ले जाते समय दीपक की रास्ते में मौत हो गई और उसका शव सितारगंज अस्पताल में रख दिया गया है।
एसआई राजेंद्र पंत ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। बताया कि परिजनों ने भूमि विवाद में वारदात होने की बात कही है। जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। रात तक पुलिस को तहरीर नहीं सौंपी गई थी।