सितारगंज क्षेत्र के सिडकुल रोड पर स्थित बैंक आफ बड़ौदा शाखा में देर रात चोरों ने एटीएम से चोरी का प्रयास किया। चोर अपने प्रयास में असफल रहे और वहां हलचल होने पर भाग गए। इस दौरान चोरों ने एटीएम में लगे सीसीटीवी एवं सायरन का तार काट दिया था। सुबह एटीएम का सुरक्षा गार्ड पहुंचा तो एटीएम में चोरी के प्रयास के बारे में उसे पता चला। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सिडकुल चौकी इंचार्ज पंकज सिंह मेहर ने बताया कि चोरों ने मंगलवार देर रात एटीएम में चोरी का प्रयास किया है। उन्होंने बताया कि एटीएम का शटर बंद था और ताला लगा हुआ था। एटीएम का निरीक्षण किया गया तथा एटीएम सुरक्षित था। चौकी इंचार्ज ने बताया कि बैंक के अधिकारियों को मामले की सूचना दे दी गई है। उन्होंने बताया कि बैंक प्रबंधक संजना सूर्यवंशी की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। जिसके बाद बैंक में चोरी के प्रयास की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस जानकारी के अनुसार एटीएम का शटर रोजाना बंद हो जाता है। इस कारण रात को बैंक में कोई सुरक्षा गार्ड नहीं रहता।