किच्छा। बंद रेलवे फाटक पर पटरी पार करने के लिए जल्दबाजी करना एक छात्र को भारी पड़ गया। पटरी से गुजर रहे इंजन की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अर्जुन गुंबर (17) पुत्र अनिल गुंबर वार्ड 11 पंजाबी मोहल्ले का निवासी था। मंगलवार की शाम को वह अपने चचेरे भई नितिन गुंबर के साथ पुरानी गल्ला मंडी आया था। शाम साढ़े सात बजे वह वापस घर लौट रहा था तो इंजन गुजरने की वजह से रेलवे फाटक बंद था। बताया गया है कि लालकुआं से बरेली जा रहा इंजन रेलवे फाटक के बिल्कुल करीब आ गया था। इसके बावजूद अर्जुन रेलवे पटरी को जल्दी से पार करने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक लालपुर स्थित भारतीयम स्कूल में 12वीं का छात्र था।