एनएच-74 भूमि मुआवजा घोटाले में एसआईटी जांच के दायरे में आए आईएएस पंकज पांडे और चंद्रेश यादव के खिलाफ आर्बिट्रेशन के मामलों में साक्ष्य संकलन का कार्य जारी है। शनिवार को भी एसआईटी ने आर्बिट्रेशन न्यायालय में दायर हुए वादों की पैरवी करने वाले दो अधिवक्ताओं से पूछताछ की। साथ ही दोनों आईएएस के कार्यालय में तैनात रहे पेशकार के भी बयान दर्ज किए गए।
आईएएस चंद्रेश यादव और पंकज पांडे के आर्बिट्रेशन न्यायालय में एनएचएआई की ओर से करीब 16 वाद दायर किए गए थे। इनकी पैरवी एनएचएआई के अधिवक्ताओं की ओर से की गई थी। पूरे मामले में साक्ष्य जुटाने के लिए जहां एसआईटी ने पूर्व में दोनों आईएएस से पूछताछ की थी।
वहीं, बीते बृहस्पतिवार को जसपुर और काशीपुर के चार वकीलों से भी पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए गए थे। वकीलों से पूछताछ के क्रम में ही एसआईटी ने शनिवार को भी दो वकीलों से आर्बिट्रेशन के मामलों की पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए।
इधर, आईएएस पंकज पांडे और चंद्रेश यादव के कार्यकाल में पेशकार रहे मोहन सिंह दिवाकर से भी एसआईटी ने पूछताछ की। दिवाकर से दो बार पहले भी पूछताछ की जा चुकी है। माना जा रहा है कि आर्बिट्रेशन न्यायालय में मामलों की पैरवी करने वाले कुछ और अधिवक्ताओं से भी एसआईटी जल्द ही पूछताछ कर सकती है। सभी के बयानों को एसआईटी अपनी केस डायरी में दर्ज करेगी।