वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने पंजाब से वध के लिए लाए जा रहे एक ट्रक में भरे 23 गौ-वंशीय पशु बरामद कर तीन पशु तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि ट्रक चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
कोतवाल डीआर आर्या ने बताया कि धर्मपुर पुलिस चौकी के पास ग्राम गुलरगोजी तिराहे पर उनके निदेर्शन में वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। तभी राष्ट्रीय राजमार्ग पर अफजलगढ़ की दिशा से तेजी से आ रहे एक ट्रक को रुकने का संकेत दिया।
किंतु ट्रक चालक स्पीड बढ़ाकर आगे निकल गया। पुलिस ने पीछा कर ट्रक को रोक लिया। इसी दौरान अंधेरे का लाभ उठाकर ट्रक चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने तीन गौ-वंशीय पशु तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। ट्रक में ठूंस-ठूंस कर 23 गौ-वंशीय पशु भरे थे। उसमें एक पशु मृत मिला व आधा दर्जन घायल मिले। उनका इलाज कराकर गौ-वंशीय पशुओं को सूत मिल चौकी पर लाकर पशु पालकों को सौंप दिया गया।
गिरफ्तार किए तस्करों ने अपना नाम बाबू, इकराम, असलम निवासीगण कस्बा जलालाबाद, जिला शामली यूपी बताया। उन्होंनें बताया कि पशुओं को पंजाब से खरीद कर ला रहे हैं। पुलिस ने ट्रक संख्या यूपी.78सी-एन 1808 सीज कर दिया तथा मृत बैल को सूत मिल परिसर में दफना दिया।