काशीपुर। कुंडा थाने के ग्राम किलावली निवासी बलवंत सिंह पुत्र वंश काफी समय से कोसी नदी से उपखनिज का खुदान कर कुंडेश्वरी के महादेवनगर स्थित मुरलीवाला स्टोन क्रशर पर माल डालते है। खनन कार्य में लगे श्रमिकों को लेकर बलवंत का गांव के ही एक युवक के साथ विवाद चला आ रहा है। उक्त युवक श्रमिकों को अपने डंपरों पर रखना चाहता है।
इसी विवाद में दोनों पक्षों के बीच पूर्व में भी मारपीट हो चुकी है। मंगलवार दोपहर करीब एक बजे बलवंत और उसका पुत्र गुरनाम बाइक से स्टोन क्रशर की ओर जा रहे थे। आरोप है कि महादेव नगर के पास जीप सवार युवक ने उनकी बाइक को टक्कर मारकर गिरा दिया। इसके बाद जीप में सवार हमलावरों ने लाठी-डंडों से प्रहार कर उसे घायल कर दिया।
उसके सिर में गहरी चोटें आईं और बांए हाथ की हड्डी टूट गई। हमलावर उसके पुत्र गुरनाम के पीछे भी तमंचा लेकर दौड़ा। इसी दौरान वहां पहुंचे कुछ लोगों ने उन्हें बचाया। आरोप है कि हमलावर उसके डंपर स्वामी बदायूं निवासी संजय के साथ भी मारपीट कर चुके हैं। सूचना पर अस्पताल पहुंची पुलिस ने घायल बलवंत से घटना के बाबत जानकारी ली। खबर लिखे जाने तक मामले की प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी थी।