रुद्रपुर में चंडीगढ़ से बस में सवार होकर हल्द्वानी के लिए निकला बागेश्वर जिले का युवक रुद्रपुर पहुंचने के बाद संदिग्ध हालातों में लापता हो गया। परिजनों ने सिडकुल चौकी में युवक की गुमशुदगी दर्ज कराई है।
मूल रूप से बागेश्वर के शामा गांव का रहने वाला ललित कोरंगा पुत्र हिम्मत सिंह कोरंगा चंडीगढ़ के एक होटल में नौकरी करता है। ललित के चचेरे भाई चंदन सिंह से मिली जानकारी के अनुसार बीते 11 नवंबर को ललित चंडीगढ़ से बस में सवार होकर हरिद्वार के लिए चला और हरिद्वार से दूसरी बस पकड़कर हल्द्वानी के लिए रवाना हुआ। 12 नवंबर को रुद्रपुर पहुंचने पर ललित गलती से शाम करीब साढ़े छह बजे सिडकुल चौकी क्षेत्र स्थित ब्रिटानिया चौक पर उतर गया। इसके बाद ललित ने हल्द्वानी में रहने वाले अपने भाई उमेश को फोन किया। इस पर उमेश ने उसे टेंपो पकड़कर हल्द्वानी आने की बात कही। कुछ देर बाद ही ललित का फोन बंद आने लगा तब से अब तक ललित का कोई सुराग ना मिलने पर परिजनों ने सिडकुल चौकी में ललित की गुमशुदगी दर्ज कराई है।