दिनेशपुर में पांच दिन पहले श्रीरामपुर गांव में गर्भवती की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में दर्ज मुकदमे में आरोपी पति, देवर और सास को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इधर पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने के कारण मृतका के बिसरा को जांच के लिए देहरादून लैब भेजा गया है। बता दें कि बृहस्पतिवार रात को श्रीरामपुर निवासी गोविंद हालदार की सात माह की गर्भवती पत्नी पल्लवी की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई थी। मृतका के पिता पिपलिया नंबर एक निवासी साधन मैत्र ने दामाद गोविंद, देवर रंजन और सास पारूल पर दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। इसपर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दहेज अधिनियम के साथ 304 बी आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया था। इसी आधार पर पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।