काशीपुर से विदेश भेजने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल मामले की प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी है।
जिला मुरादाबाद थाना ठाकुरद्वारा के ग्राम मझेड़ाआलम निवासी एक व्यक्ति यहां कचनालगाजी में किराए पर रहता था। आरोप है कि विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर वह कई लोगों से मोटी रकम ले चुका है। आरोप है कि उसने महेशपुरा निवासी मो. शाहिद, मुर्तजा और आलम से चार माह पहले विदेश भेजने का झांसा देकर 1.45 लाख रुपये ले लिए थे। उसने फर्जी वीजा के सहारे शाहिद और मुर्तजा को दुबई भेजा। जांच में उनका वीजा गलत पाया गया। इसके चलते दोनों 25 दिन बाद ही अपने खर्च पर भारत लौट आए।
उसने आलम को विदेश भेजे बगैर ही उससे एक लाख रुपये हड़प लिए। इसके अलावा कई और लोगों से भी उसने विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर मोटी रकम ठग ली। बाद में वह भाग गया।
इस मामले में पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की। एक सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
बांसफोड़ान चौकी प्रभारी मुकेश मिश्रा ने बताया कि अभी तक इस मामले में पुलिस को तहरीर नहीं मिली है। मामला लेनदेन का बताया जा रहा है। तहरीर मिलने पर जांच की जाएगी।