जसपुर। काम करते समय बिजली लाइन की चपेट में आए राज मिस्त्री की मौत हो गई। अफजलगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम गोवर्धनपुर नाभका निवासी शमशुद्दीन पुत्र इस्लामुद्दीन राजमिस्त्री का काम करता है।
सोमवार को वह गांव स्थित एक घर में काम रहा था। इस दौरान ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइन की चपेट में आ गया। परिजन उसे लेकर सरकारी अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है।
पांच दिन में चार मौत
जिले में करंट की चपेट में आकर पिछले पांच दिनों में यह चौथी मौत है। काशीपुर में बीते बृहस्पतिवार को ग्राम कचनालगाजी निवासी राहुल की मकान में काम करने के दौरान हाइटेंशन लाइन की चपेट में आकर मौत हो गई थी।
इसके अगले दिन शुक्रवार को ग्राम कुआं खेड़ा बिसौली जिला बदायूं निवासी कंटेनर चालक जयवीर सिंह का कंटेनर बुधवार को हाइटेंशन लाइन से टकरा गया। करंट लगने से जयवीर की मौत हो गई। उधर रविवार को करंट लगने से किच्छा के गांव गंगोलीघाट निवासी अश्विनी कुमार की मौत हो गई थी।