काशीपुर। एक पेपर मिल में घुसकर स्क्रैप चोरी कर रहे दो लोगों को पकड़कर मिल के सुरक्षा कर्मियों ने कुंडा थाना पुलिस के हवाले कर दिया। उनकी निशानदेही पर मिल परिसर से काटा गया लोहा बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनका चालान किया है।
कुंडा थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि सोमवार रात दो युवक ग्राम सुल्तानगढ़ लालपुर स्थित अंबादेवी पेपर मिल में घुसकर मशीनों से स्क्रैप (लोहा) काट रहे थे। मिल के सुरक्षा गार्ड शिवचरन ने मिल कर्मियों की मदद से दोनों को धर दबोचा। पकड़े गए चोर जनपद मुरादाबाद थाना ठाकुरद्वारा निवासी जावेद पुत्र आरिफ व ग्राम सरवरखेड़ा निवासी शुम्मन पुत्र नूर हसन हैं।
मामले में पुलिस ने सुरक्षा गार्ड शिवचरन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी से काटकर मिल के पीछे छिपाया गया स्क्रैप भी बरामद किया है। वहीं पुलिस ने कुंडा चौराहा स्थित एक मिठाई की दुकान से साइकिल चुराने के आरोपी जनपद मुरादाबाद थाना डिलारी ग्राम तगाला निवासी कुलदीप सिंह पुत्र चेतराम को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर चोरी की गई साइकिल भी बरामद कर ली है।