काशीपुर। पुलिस अधिकारियों व नेताओं की धौंस देकर प्रधान पुत्र से रंगदारी मांगने के दो आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एस्कोर्ट फार्म कुंडेश्वरी निवासी पंकज कुमार उर्फ मोनू पुत्र दिनेश सिंह ने अपने अधिवक्ता अमरीश अग्रवाल के माध्यम से एसीजेएम कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर कहा था कि उसकी माता रामनगर काशीपुर की ग्राम प्रधान है। गंगापुर गुसांई निवासी हरविंदर सिंह उर्फ राजू और एस्कोर्ट फार्म निवासी बलकार सिंह अकसर फोन कर उसे धमकाते हैं।
ये दोनों अधिकारियों, मंत्रियों और अन्य नेताओं के की धौंस देकर उसके साथ गाली गलौच करते हैं। इनके द्वारा कई बार अनैतिक रुप से रंगदारी की मांग की जाती है। पंकज का कहना है कि कुछ दिन पूर्व आरोपियों ने फोन कर उसे बात नहीं मानने पर जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में उसने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी, साथ ही एसएसपी को भी प्रार्थना पत्र दिया गया।
लेकिन पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रंगदारी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।