काशीपुर। काशीपुर-लालकुआं संभाग के बीच रेलवे ट्रैक पर रैलिंग पड़ी होने से एक बड़ा हादसा बच गया। स्लीपर से रेल का इंजन टकराने से लगे झटके से यात्रियों में हड़कंप मच गया। इस हादसे के चलते ट्रेन को काफी देर तक मौके पर रोकना पड़ा। ट्रैक क्लियर होने के बाद ट्रेन गंतव्य के लिए रवाना की गई।
शनिवार की शाम ट्रेन संख्या 55304 डाउन काठगोदाम से मुरादाबाद जा रही थी। शाम करीब सात बजकर 10 मिनट पर हेमपुर इस्माइल के पास रेलवे ट्रैक पर एक रैलिंग पड़ गई। चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए अचानक ब्रेक लगा दिया। बावजूद इसके ट्रेन ट्रैक पर रखे रैलिंग से टकरा गई। चालक ने ट्रेन को मौके पर ही रोक दिया।
काफी देर तक ट्रेन वहीं रुकी रही। रेल कर्मियों ने ट्रैक से रैलिंग हटाकर गाड़ी में रख लिया। आरपीएफ निरीक्षक ओपी मीणा ने बताया कि शरारती तत्वों द्वारा यह हरकत किए जाने की आशंका है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से ट्रेन को पायलट कर काशीपुर स्टेशन तक लाया गया। काशीपुर स्टेशन पर जीआरपी कर्मियों ने रेल के हर कोच की चेकिंग की। काशीपुर आरपीएफ पोस्ट पर ट्रेन हादसे का तस्करा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।