रुद्रपुर के टोल प्लाजा शिफ्टिंग में करोड़ों का मुआवजा हासिल करने के लिए जाली दस्तावेज बनाने के मुकदमे में फंसी एलाइड इंफ्रा की एमडी प्रिया शर्मा और निदेशक सुधीर चावला को गिरफ्तार करने में पुलिस ने ताकत झोंक दी है। आरोपियों के मोबाइल इस्तेमाल न करने की वजह से पुलिस को उनकी सही लोकेशन नहीं मिल पा रही है। इधर, पुलिस आरोपियों के करीबियों पर नजर रख रही है। वहीं प्रिया के संपर्क में रहे एक चर्चित पटवारी से भी पूछताछ की गई है। संभावना जताई जा रही है कि हाइकोर्ट से राहत न मिलने के बाद प्रिया सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटा सकती है।
एसआईटी ने किच्छा थाने में प्रिया, सुधीर और जेल में बंद तत्कालीन एसएलओ डीपी सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसके बाद से ही प्रिया और सुधीर भूमिगत हैं। उन्होंने हाइकोर्ट में याचिका दाखिल की थी, लेकिन वहां से भी उन्हें कोई राहत नहीं मिली। पुलिस दोनों आरोपियों के आवास में कुर्की की चेतावनी का नोटिस चस्पा कर चुकी है। पुलिस लगातार उनकी तलाश में विभिन्न शहरों में संभावित ठिकानों पर दबिशें दे रही हैं। विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक पुलिस ने रुद्रपुर के चर्चित पटवारी से प्रिया के बारे में पूछताछ की है। हालांकि पूछताछ में पुलिस को कुछ खास हासिल नहीं हो सका है। माना जा रहा है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए प्रिया और सुधीर सुप्रीम कोर्ट में अपील कर सकते हैं।