काशीपुर। एक बालक की लाश खेत में मिली। बताया जाता है कि बालक को दौरा पड़ता था जिससे उसकी मौत हुई है।
जानकारी के अनुसार मोहसिन (10) पुत्र मोहम्मद हनीफ निवासी महुआखेड़ागंज सुबह पांच बजे अचानक घर से लापता हो गया। परिवार वाले उसकी खोज में जुटे रहे। तभी किसी ने पुलिस को एक खेत में बालक की लाश पड़ी होने की सूचना दी।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने मृतक की शिनाख्त मोहसिन के रूप में की। पैगा चौकी इंचार्ज ओमप्रकाश ने बताया कि मोहसिन मंदबुद्धि था और उसे दौरे पड़ते थे। इसलिए परिवार वाले उसे एक कमरे में बंद कर कर रखते थे।
मंगलवार सुबह वह अचानक कहीं चला गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। समाचार लिखे जाने तक घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी।