जसपुर में तहसीलदार जसपुर जोगा सिंह ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि समीपवर्ती ग्राम निवारमुंडी निवासी सूरज सिंह उनके कार्यालय में आया और सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए धमकाने लगा। साथ ही गालियां देकर नाजायज कार्य कराने का दबाव बनाने लगा। तहसीलदार ऑफिस में बैठे नीरज कुमार और ड्राइवर योगेंद्र सिंह ने बमुश्किल उसे कार्यालय से बाहर निकाला। तहसीलदार ने सूरज सिंह पर फेसबुक के जरिए उन्हें अपमानित टिप्पणी कर छवि धूमिल करने का भी आरोप लगाया। तहसीलदार ने अपने कार्यालय के कर्मचारियों के साथ कोतवाल का घेराव कर दोषी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। कोतवाल अबुल कलाम ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपित को हिरासत में लिया गया है।