जसपुर में पुलिस की ओर से 11 माह पूर्व कब्जे में लिए गए छह में से तीन लग्जरी वाहनों के नंबर फर्जी पाए गए। एफएसएल रिपोर्ट में इस बात का खुलासा हुआ है। पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ वाहन चोरी और चेसिस नंबर से छेड़छाड़ करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।
एक वर्ष पूर्व पुलिस को सूचना मिली थी कि जसपुर और आसपास के क्षेत्र में एक गिरोह सक्रिय है, जो मेरठ, नजीबाबाद और दिल्ली आदि स्थानों से उठाए गए वाहनों के इंजन, चेसिस नंबर बदलकर उन्हें मोडीफाइड कर बेचता है। पुलिस टीम ने 13 दिसंबर 2017 की रात मुखबिर की सूचना पर कलियावाला मोड़ के पास एक वर्कशॉप में छापा मारकर ऑल्टो कार और पांच लग्जरी कारों को कब्जे में लिया था। मामले में करीब आधा दर्जन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई थी। उनके कब्जे से बरामद दस्तावेजों पर वाहनों के इंजन और चेसिस नंबर आदि के सैंपल लेकर जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला देहरादून भेजे गए थे। कोतवाल अबुल कलाम ने बताया कि बरामद किए गए छह वाहनों में से तीन वाहन टाटा सफारी (यूके 04 जी 9900), पजेरो (डीएल 3 सीबीएम 5559), एंडीवर (यूके 08एल 0999) के चेसिस नंबरों में छेड़छाड़ होने की पुष्टि हुई है। ये वाहन परवेज आलम उर्फ बिन्नी, जाबर अली के कब्जे से बरामद हुए थे। इनके खिलाफ 420, 467, 468 और 471 आईपीसी की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया है।