रुद्रपुर। नैनीताल रोड स्थित पेट्रोल पंप पर कार में पेट्रोल कम डालने के आरोप में हंगामा हो गया। मामला तूल पकड़ा तो मेकेनिक को बुलवाकर कार की टंकी जांची गई, जिसमें दो लीटर पेट्रोल कम निकला। मामले की शिकायत मिलने पर एसडीएम ने जिला पूर्ति अधिकारी को मौके पर टीम भेजकर जांच करने के निर्देश दिए।
रामपुर के रहने वाले वेदप्रकाश सिडकुल की एक फैक्ट्री में मैनेजर हैं। मंगलवार रात फैक्ट्री से घर लौटते समय उन्होंने पेट्रोल भरवाने के लिए कार को नैनीताल रोड स्थित भारत पेट्रोलियम के पंप पर खड़ा किया। वेदप्रकाश के मुताबिक उन्होंने पंप कर्मी से 14 लीटर पेट्रोल भरने को कहा था। पेट्रोल भरने के बाद भी कार में लगी तेल की सुई अपेक्षा के अनुरूप ऊपर नहीं उठी तो उन्हें शक हुआ। उन्होंने पंप कर्मी से शिकायत की तो वे गालीगलौज करने लगे।
इसके बाद मेकेनिक को बुलवाकर कार की टंकी खुलवाकर तेल नापा गया तो वह 12 लीटर ही निकला। इसके बाद भी पंप कर्मी गलती मानने को तैयार नहीं हुआ। टंकी खुलने की वजह से उनकी कार को भी नुकसान पहुंचा है। इधर, हंगामे की सूचना पर एसडीएम ने तत्काल जिला पूर्ति अधिकारी श्याम आर्य को पंप पर टीम भेजकर जांच के निर्देश दिए। एसडीएम ने बताया कि अगर पंप में गड़बड़ी पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।