बेटी से दुष्कर्म के आरोपी की होगी डीएनए जांच
पुलिस ने युवक और उसकी नाबालिग बेटी के सैंपल लिए
अमर उजाला ब्यूरो
रुद्रपुर।
नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी युवक का पुलिस डीएनए टेस्ट कराएगी। जांच के लिए पुलिस ने पिता और बेटी का सैंपल ले लिया है। देहरादून फोरेंसिक लैब में जांच कराई जाएगी।
बता दें कि रुद्रपुर के नामी होटल में काम करने वाले पश्चिम बंगाल निवासी युवक की पत्नी ने पांच दिन पहले उस पर अपनी ही नौ वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। महिला की शिकायत पर पुलिस नेे जिला अस्पताल में नाबालिग का मेडिकल कराया। मेडिकल रिपोर्ट में उसके साथ दुष्कर्म किए जाने की पुष्टि हुई। इसके साथ ही नाबालिग ने भी पुलिस को पिता द्वारा उसके साथ दो वर्ष से दुष्कर्म करने की बात कही। इस आधार पर पॉक्सो एक्ट और धारा 376 के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया था। इधर, आरोपी ने उस पर लगे आरोपों को निराधार बताया। इस पर पुलिस उसका डीएनए टेस्ट कराने की तैयारी कर रही है।
कोतवाल तुषार बोरा ने बताया नाबालिग के साथ ही उसके पिता का भी सैंपल ले लिया है। जांच देहरादून स्थित विधि विज्ञान प्रयोगशाला में कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।