काशीपुर में पुलिस ने रविवार को दो साइकिल चोरों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की 20 साइकिलें बरामद की है। एएसपी डॉ. जगदीश चंद्र के निर्देश में कोतवाल चंचल शर्मा की ओर से पुलिस टीम गठित की। 16 फरवरी को चौकी प्रभारी बांसफोड़ान ने पुलिस टीम के साथ राजेंद्र नगर कॉलोनी टांडा उज्जैन में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान जितेंद्र निवासी प्रभात कॉलोनी पॉलीटेक्निक के पीछे काशीपुर और सुशील वर्मा निवासी मोहल्ला रसूलपुर थाना स्वार जिला रामपुर उत्तर प्रदेश (हाल निवासी राजेंद्र कॉलोनी गन्ना मिल) को चोरी की दो साइकिलों के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों की निशानदेही पर काशीपुर क्षेत्र से 18 चोरी की साइकिलें बरामद की गई। एसएसआई प्रथम बीएस बिष्ट ने बताया कि जितेंद्र और सुशील साइकिलें चोरी कर एक हजार रुपये में इन्हें बेचते थे। टीम में एसआई मुकेश मिश्रा, कांस्टेबल अनुज त्यागी, संजय जलाल, केदार सिंह, विनोद कुमार आदि थे।