रुद्रपुर। सिडकुल क्षेत्र की कंपनी में माल छोड़कर लौट रही मारुती वैन में आग लगने से खलबली मच गई।
सिडकुल सेक्टर-11 स्थित अमूल आटो कंपनी टाटा मोटर्स के लिए उपकरण बनाने का काम करती है। मंगलवार दोपहर बेलगाम पीलीभीत यूपी निवासी रामनिवास वैन (यूके06आर 8432) में कंपनी का कुछ सामान लेकर आया था। कंपनी में सामान खाली करने के बाद वह वापस लौट रहा था।
रास्ते में गाड़ी के अगले हिस्से से धुआं निकलता देख रामनिवास ने गाड़ी रोकी। देखा तो वैन में आग धधक रही थी। सिडकुल फायर स्टेशन को घटना की जानकारी दी गई। फायरकर्मियों ने आग पर काबू पाया। कंपनी के गौरव पांडे ने बताया कि वैन की वायर में शार्ट सर्किट होने से आग लगी। वैन को अधिक नुकसान नहीं हुआ है। चालक रामनिवास भी पूरी तरह सुरक्षित है।