- पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लिया
- सोशल मीडिया प्लेटफार्म से हटवाया वीडियो, प्रसारित करने पर वैधानिक कार्रवाई की दी चेतावनी
अमर उजाला ब्यूरो
काशीपुर। शॉल बेचने वाले कश्मीरी युवक के साथ कुछ अज्ञात लोगों ने अभद्रता और मारपीट की। साथ ही, मामले का वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया। पीड़ित की तहरीर और वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने आरोपी युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर हिरासत में ले लिया है।
कश्मीर निवासी युवक बिलाल करीब नौ वर्षों से उत्तराखंड में निवास कर रहा है। वह शॉल बेचने का काम करता है। उसने 25 दिसंबर को कोतवाली में तहरीर सौंपी। इसमें बताया कि कुछ अज्ञात लोगों ने 22 दिसंबर को वीरभूमि एनक्लेव के सामने उसे रोककर उसके साथ अभद्रता की ओर दुर्व्यवहार करते हुए नारे लगाने के लिए जोर देने लगे। उसके साथ मारपीट करने का वीडियो भी बनाया, जोकि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले में उसने 25 दिसंबर को लिखित शिकायत कोतवाली में दी। मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि 24 दिसंबर को एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था। इसमें काशीपुर के कुछ युवक कश्मीर मूल के बिलाल के साथ अभद्रता करते नजर आ रहे थे। यह घटना 22 दिसंबर की थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफार्म से हटाने की कार्रवाई की गई। साथ ही, पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। एसएसपी ने कहा कि ऐसे कृत्य करना और उसकी वीडियो को प्रसारित करना गैर कानूनी है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। देखने में आया है कि मामले की वीडियो हटाने के बावजूद कुछ अकाउंट पर वीडियो अभी भी प्रसारित की जा रही है। ऐसे लोगों को चिन्हित करके उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। सीओ दीपक सिंह ने बताया कि पुलिस की ओर से वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान कर उन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। प्रकरण में निष्पक्ष एवं गहन विवेचना की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।