नानकमत्ता। युवती से दोस्ती युवक को भारी पड़ गई। महिला के बुलाने पर युवक अपने मित्र के साथ मिलने पहुंचा तो युवती ने अपने दस साथियों के साथ युवक और उसके मित्र को बंधक बना लिया। आरोपियों ने मारपीट कर युवक से पचास हजार रुपयों की भी मांग की। रुपये लाने का बहाना कर युवक अपने मित्र को बंधक छोड़कर उनके चंगुल से फरार हो गया। देर शाम मित्र भी अपहरणकर्ताओं को चकमा देकर चंगुल से छूटकर भाग आया। पुलिस ने एक नामजद युवती सहित अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शुक्रवार को अमरिया जिला पीलीभीत निवासी जयराम ने थाने पहुंचकर थानाध्यक्ष केसी आर्य को तहरीर देकर आपबीती सुनाई। पीड़ित ने बताया कि 25 मई को वह सितारगंज की ओर से खटीमा जा रहा था। बिडौरा चौराहे पर दो युवतियों ने हाथ देकर नानकमत्ता तक उससे लिफ्ट मांगी। एक युवती ने अपना नाम बताते हुए अपना मोबाइल नंबर देकर उसका मोबाइल नंबर लिया। 26 मई को सिमरन ने फोन कर उसे मिलने के लिए बिडौरा बुलाया। वह अपने मित्र ग्राम नदेली थाना बहेड़ी जिला बरेली निवासी यशपाल के साथ मिलने गया तो सिमरन उसे एक गांव में अपनी मौसी के घर ले गई। उसके वहां पहुंचते ही आठ युवक और दो युवतियों ने उन्हें घेरकर मारपीट करते हुए पचास हजार रुपये मांगे।
पैसों का इंतजाम करने के बहाने जब बाहर निकला तो युवकों ने उसके मित्रों को वहीं बंधक बना लिया। डियूढी चौराहे तक दो युवक उसके साथ आए। किसी तरह दोनों को चकमा देकर वह मौके से फरार हो गया। देर शाम को उसका मित्र यशपाल भी उनको गच्चा देकर मौके से भाग खड़ा हुआ। पीड़ित ने बताया कि उसे लगातार कई नंबरों से फोन कर रुपये की डिमांड की जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने युवती सहित अन्य के खिलाफ आईपीसी की धारा 323, 342, 384तथा 504 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।