रुद्रपुर। बाजपुर में 95 लाख रुपये का गबन करने वाली छह आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की जांच पूरी हो गई है। तीन सदस्य जांच समिति ने सीडीओ को रिपोर्ट सौंप दी है। जांच में मिली गड़बड़ियों के अनुसार आरोपी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बर्खास्त भी किया जा सकता है।
बाजपुर की छह आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं पर लाखों रुपये गबन के आरोप में जांच बैठी थी। बाजपुर के सुल्तानपुर पट्टी, नेता नगर और आदर्श नगर के आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यरत छह आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं पर टेक होम राशन प्राप्त राशि में वित्तीय अनियमितता, फर्जी फर्म व फर्जी शैक्षिक प्रमाणपत्रों के आधार पर अनियमितता करने का आरोप लगा था।
आरोपों के आधार पर जांच समिति की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से टेक होम राशन के अभिलेख मांगे गए लेकिन तीन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ओर से अभिलेख चोरी होने का हवाला देते हुए सहयोग नहीं किया गया। इसके अलावा तीन अन्य आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ओर से भी अभिलेखों की जानकारी नहीं दी गई।
जांच में पाया गया कि सुपरवाइजर व बाजपुर सीडीपीओ की ओर से भी आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण नहीं किया जाता था। इस वजह से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने लाखों रुपये के सरकारी धन का दुरुपयोग किया। जांच समिति ने सीडीओ विशाल मिश्रा को छह आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की रिपोर्ट सौंप दी है। सीडीओ की ओर से रिपोर्ट के आधार पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।