गूलरभोज में संदिग्धों को तलाशते लोग। वीडियोग्राफ
गूलरभोज। वार्ड चार में शनिवार रात नाले की पुलिया के समीप संदिग्ध अधेड़ महिला और पुरुष को देख लोग दहशत में आ गए। सूचना पर जैसे ही वार्डवासी मौके पर पहुंचे तो पुरुष भाग गया। महिला पागलों जैसी हरकतें करने लगी। धीरे-धीरे संख्या बढ़ती देख महिला भी मौका पाकर गायब हो गई। इसी बीच किसी ने एक संदिग्ध को नई बस्ती शिव मंदिर की दीवार फांदकर भागते देखा। लोग लाठी डंडे लेकर उनको तलाशते रहे। इसके बाद भी कोई हाथ नहीं आया। इंदिरा गड़िया का कहना है कि दो दिन पूर्व वार्ड एक में रात को ड्रोन देखा था। इसके तुरंत बाद वार्ड के पीछे बहने वाली नदी की पुलिया पर सात-आठ संदिग्ध लोग भी दिखाई दिए थे। लोगों ने कहा कि क्षेत्र में कुछ संदिग्ध लोग रात में घूम रहे हैं। इससे लोगो में दहशत है। घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने गदरपुर में व्यस्त होने की बात कही। वार्डवासियों ने पुलिस से बस्ती में गश्त लगाने की मांग की है।
सरिये के साथ बाहरी युवक को पकड़ा, पुलिस के सुपुर्द किया
किच्छा। क्षेत्र में ड्रोन होने की अफवाह होने के बीच नगर के कसाई मोहल्ले से रात तीन बजे लोगों ने सरिये समेत एक बाहरी युवक को पकड़कर पुलिस को सौंपा है।
रेलवे वार्ड के निवासियों ने कहा कि शनिवार रात एक युवक ने संदिग्ध को पकड़ने का प्रयास किया तो पांच संदिग्ध लोग युवक पर हमला कर फरार हो गए। रविवार सुबह कसाई मोहल्ले में भी दहशत फैली। इस बीच वहां लोगों ने घूम रहे एक युवक को पकड़ लिया। उसे लेकर लोग कोतवाली पहुंचे और पुलिस के सुपुर्द किया। आरोप है कि युवक के पास मोटा सरिया भी था। पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है। रेलवे कॉलोनी की राजो गुप्ता ने कहा कि देर रात जब शोर हुआ तो उसका पुत्र आकाश भी घर से बाहर निकल गया। इस बीच आकाश ने वहां घूम रहे संदिग्ध को पकड़ना चाहा तो उसके साथ निकले चार अन्य ने आकाश के साथ मारपीट कर दी। इस मामले को लेकर वह थाने भी पहुंची। मामले को लेकर व्यापारी नेता जगरुप सिंह गोल्डी मोहल्ले के लोगों के साथ कोतवाली पहुंचे और पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग की। संवाद
आसमान में ड्रोन उड़ता देख रातभर की पहरेदारी
काशीपुर। कई दिनों से क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर आसमान में ड्रोन उड़ने से लोगों की रात का चैन छिन गया है। लोग अपनी सुरक्षा के लिए रात-रातभर जाग कर लाठी-डंडे लेकर पहरेदारी कर रहे हैं।
शनिवार रात लगभग 11 बजे मानपुर रोड स्थित आशा विहार कॉलोनी क्षेत्र में आसमान में ड्रोन उड़ता देखकर लोग चौकन्ने हो गए। क्षेत्रवासियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि रात के समय चोरों का डर सता रहा है। इसके बावजूद बिजली विभाग रात के समय ही बिजली गुल कर देता है। इसके चलते खतरा बढ़ गया है। कहा कि रात में बिजली आपूर्ति बाधित होने से क्षेत्रवासियों ने रातभर अंधेरे में टॉर्च और मोबाइल की रोशनी से लाठी-डंडे लेकर पहरेदारी की हालांकि कोई व्यक्ति नजर नहीं आया। आसमान में कई बार ड्रोन उड़ता नजर आ रहा था। लोगों में डर का माहौल है। संवाद