रुद्रपुर। किच्छा बाईपास रोड पर महिंद्रा शोरूम के सामने वाली गली में स्थित भारत इंजीनियरिंग वर्क्स के गोदाम में आग लग गई। सूचना पर अग्निशमन विभाग की चार गाड़ियां पहुंचीं। आग बुझाने के दौरान एक महिला फायरकर्मी गंगोत्री झुलस गई। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। करीब तीन घंटे के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका। गोदाम में रखा इलेक्ट्रिकल सामान विद्युत पैनल, एलईडी बल्ब वायर आदि नष्ट हो गए।
रविवार की सुबह करीब 7:05 बजे भारत इंजीनियरिंग वर्क्स में आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंच गई। फायर यूनिट ने दो हौज पाइप फैलाकर आग को बुझाना शुरू किया। अग्निशमन अधिकारी ने फायर स्टेशन रुद्रपुर और पंतनगर से एक-एक और बजाज कंपनी से एक फायर यूनिट सहित कुल चार यूनिटों के साथ आग को बुझाना शुरू किया। पानी समाप्त होने पर भारत हैवी इलेक्ट्रॉनिक लिमिटेड से पानी भरकर लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद आखिरकार आग को बुझाया जा सका।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना में किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है। फैक्टरी में इलेक्ट्रिकल पार्ट्स का निर्माण किया जाता है। भारी मात्रा में सामान नष्ट हुआ है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। -महेश चंद्र, अग्निशमन अधिकारी