रुद्रपुर। शहर में जमीन की खरीद-फरोख्त का काम करने वाला प्रापर्टी डीलर धोखाधड़ी का शिकार हो गया। 55 लाख के घर के बदले उससे 83 लाख रुपये ले लिए गए। पीड़ित ने एसएसपी को पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
मलिक काॅलोनी निवासी प्रॉपर्टी डीलर बलविंदर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि दीनदयाल उपाध्याय चौक के समीप उसका कार्यालय है। नवंबर 2022 में सिद्धकलां संकुल बिल्डिंग आदर्श नगर गोवा निवासी मुकेश बत्रा उसके कार्यालय में आया। बत्रा ने बताया कि उसका आवास विकास में विवाद रहित और अधिभार से मुक्त मकान है। अभी उसमें उसके रिश्तेदार रहते हैं। मकान बिकने पर रिश्तेदार घर खाली कर देंगे। 55 लाख रुपये में सौदा तय हुआ। उसने मुकेश को पांच लाख रुपये नकद दे दिए।
बलविंदर के अनुसार आवास विकास परिषद कार्यालय से पता चला कि मकान फ्री-होल्ड नहीं है और उसे तोड़कर नया निर्माण करने के लिए भूमि का फ्री-होल्ड होना जरूरी है। इस पर फ्री होल्ड के लिए आवेदन कराया गया और मकान फ्री-होल्ड हो गया।
मार्च 2023 में उसने मुकेश के गोवा स्थित आवास पर जाकर सौदे को लेकर बात की। इस पर बत्रा और उसकी पत्नी सौदे से मुकरते हुए कहने लगे कि अब मकान 60 लाख रुपये में बिकेगा। काफी जद्दोजहद के बाद वह सौदे के लिए तैयार हुआ तो स्टांप पेपर पर इकरारनामा लिखा गया। इसके बाद आरोपी ने उससे अलग-अलग तारीख पर कुल 83 लाख रुपये ले लिए और मकान नहीं दिया। अब आरोपी पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।