रुद्रपुर। पुराने विवाद के चलते दोस्त का इंतजार कर रहे युवक को तीन-चार युवकों ने घेर लिया। उन्होंने तमंचे की बट से उसके सिर पर हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। इसके बाद उस पर फायर भी झोंक दिया जिसमें वह बाल-बाल बच गया।
शहर के मलिक कॉलोनी निवासी यश घई ने कोतवाली में लिखाई तहरीर में बताया कि शनिवार रात करीब सवा आठ बजे वह काॅलोनी स्थित वैष्णो देवी मंदिर के पास अपने मित्र का इंतजार कर रहा था। तभी कॉलोनी के ही रहने वाले अमान और खेड़ा निवासी आकाश अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचे।
इन लोगों ने उसे घेर लिया। अमान ने तमंचा निकाला और बट से उसके सिर पर हमला कर दिया। इससे उसका सिर फट गया और वह लहूलुहान हो गया। इसके बाद अमान ने उस पर तमंचे से फायरिंग भी की। गोली सिर के पास से निकलकर दीवार में जाकर लगी। सिर से खून बहने से वह बेहोश होकर गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से भाग गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद सहित तीन अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
दो दिन पहले हुआ था विवाद
आदर्श काॅलोनी में फायरिंग के मामले में पुलिस की जांच तेज हो गई है। प्रथम दृष्टया जांच में पता चला है कि यश घई का अमान और आकाश से दो दिन पूर्व किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। यश के मंदिर के पास अकेला खड़े होने की सूचना पर आरोपी वहां पहुंच गए। पुलिस की जांच में एक फायर होना पाया गया है।
तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की मुकम्मल जांच की जाएगी। प्रथम दृष्टया फायरिंग किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। - उत्तम सिंह नेगी, एसपी सिटी।
घेराबंदी कर बाइक सवार पर हमला, घायल
बाजपुर। जागरण में जा रहे युवक को कुछ लोगों ने घेरकर पीट दिया। युवक को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मोहल्ला टीचर्स कॉलोनी निवासी हर्षदीप गुप्ता शनिवार देर रात अपनी बाइक से मोहल्ला बांके नगर स्थित संकटमोचन श्रीबाला जी घाटा मंदिर में आयोजित जागरण में जा रहा था। रास्ते में कुछ युवकों ने घेराबंदी कर उसे रोक लिया। आरोपियों ने लात-घूसों और लोहे के कड़े से मारपीट की, जिससे हर्षदीप घायल हो गया। शोरशराबा होने पर आरोपी धमकी देकर फरार हो गए। मौके पर पहुंचें लोगों ने हर्षदीप गुप्ता को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। घायल हर्षदीप गुप्ता ने समर्थकों के साथ कोतवाली पहुंच कर घटना की तहरीर दी। हमला करने वाले आरोपी नशेड़ी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने पीड़ित को मामले की जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया। संवाद