रुद्रपुर। कांग्रेस पार्षद की दबंगई का मामला सामने आया है। उधारी के पैसे मांगने पर पार्षद ने दुकानदार से मारपीट की। आरोप है कि पार्षद ने जान से मारने की धमकी देते हुए उससे हाथापाई की। पुलिस ने आरोपी पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार वार्ड 20 भूतबंगला निवासी शहजाद ने शनिवार को कोतवाली में तहरीर देकर कांग्रेस पार्षद पर उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया। बताया कि वार्ड के कांग्रेस पार्षद परवेज कुरैशी ने उनको डेढ़ क्विंटल मिठाई का ऑर्डर दिया था। इसके लिए पार्षद ने 15 हजार नकद भी दिए थे और पांच हजार बकाया रह गया था। उन्होंने पार्षद से बकाये रुपयों का तकादा किया था। आरोप है कि 12 अप्रैल को पार्षद परवेज कुरैशी ने उसकी दुकान पर आकर उससे मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। यह घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। दुकानदार की दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने परवेज पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कराई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज को भी देखा जा रहा है।- मणिकांत मिश्रा, एसएसपी।
सत्ता के दबाव में फंसा रही पुलिस
कांग्रेस के पार्षद परवेज कुरैशी का कहना है पुलिस सत्ता के दबाव में उन्हें फंसा रही है। शहजाद उनका मौसेरा भाई है। पैसे बकाया थे, जो उन्होंने दे दिए और उनके बीच राजीनामा भी हो गया। दुकान में उन्होंने गुस्से में हाथ उठा दिया था। उसकी वीडियो को सीसीटीवी से निकालकर किसी ने वायरल कर दिया। अब कोई मामला नहीं है। वह और शहजाद देहरादून घूमने गए हैं।