रुद्रपुर। एक कंपनी से सेमी फिनिश्ड बैटरी खरीदने के बाद बकाया भुगतान नहीं करने और भुगतान मांगने पर गालीगलौज व धमकी देने के आरोपी कंपनी के दो निदेशकों को ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
आनंद विहार फुलसुंगा स्थित एमसन पॉवर इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक मुकेश कुमार राठौर ने 18 जनवरी को हरियाणा के मानेसर में सेक्टर दो ए आईएमटी में स्थित मैसर्स फ्यूचर एनर्जी के निदेशक अनंत जैना, विकास चौधरी एवं दीपक पाठक के खिलाफ केस दर्ज कराया था। उनका कहना था कि अभियुक्त उनकी कंपनी से सेमी फिनिश्ड बैटरी खरीद रहे थे।
तीनों ने उनकी कंपनी से 18 दिसंबर 2023 से 15 जनवरी 2024 तक व्यापार किया था। इस दौरान एक करोड़ 48 लाख 66 हजार 452 रुपये का लेनदेन हुआ। इसमें अनंत जैना ने एक करोड़ 20 लाख 30 हजार 848 रुपये की अदायगी कर दी लेकिन बचे हुए 18 लाख 35 हजार 604 रुपये और उस पर ब्याज के चार लाख तीन हजार 789 रुपये नहीं दिए। उनकी ओर से रुपये मांगने पर अभियुक्तों ने गालीगलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इस पर पुलिस ने केस दर्ज कर विवेचना की थी।
शनिवार को पुलिस ने नामजद अभियुक्त अनंत कुमार जैना निवासी ई-54 एक्सप्रेस ग्रीन एमआई मानेसर गुरुग्राम और विकास कुमार चौधरी निवासी ई-54 एक्सप्रेस ग्रीन एमआई मानेसर को फ्यूचर एनर्जी कंपनी के मानेसर स्थित कार्यालय से गिरफ्तार किया। रविवार को पुलिस ने दोनों का मेडिकल कराया। पुलिस के अनुसार दोनों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।