खटीमा। प्रशासन, एसएसबी, पुलिस, वन और सिंचाई विभाग की संयुक्त टीम ने शनिवार को नो मेेंस लैंड में भारत की ओर किए गए अतिक्रमण पर कार्रवाई की। नो मेंस लैंड एरिया में 15 एकड़ में लगाए गए गेहूं और गन्ने की फसल पर ट्रैक्टर चलाया गया। साथ ही नो मेंस लैंड में नेपाल की ओर से किए गए अतिक्रमण पर कार्रवाई के लिए वहां की अथॉरिटी को पत्राचार किया जा रहा है।
भारत-नेपाल की अंतरराष्ट्रीय खुली सीमा पर मेलाघाट, सुंदर नगर आदि क्षेत्रों में लंबे समय से अतिक्रमण की शिकायत मिल रही है। दो दिन पहले प्रशासन समेत विभिन्न विभागों की टीमों ने मेलाघाट क्षेत्र में अतिक्रमण को चिह्नित किया था। शनिवार को संयुक्त टीम ने कार्रवाई कर नो मेंस लैंड में लगाए गए गेहूं और गन्ने के खेतों पर ट्रैक्टर चलाकर जोता।
कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर भारी पुलिस फोर्स देखकर वे ठिठक गए। एसडीएम रवींद्र सिंह बिष्ट ने स्वयं ट्रैक्टर चलाकर अतिक्रमण हटाया। एसडीएम ने बताया कि नो मेंस लैंड पर करीब चार किलोमीटर दूरी तक अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान करीब 15 एकड़ में गेहूं और गन्ना लगा हुआ था।
नेपाल की ओर भी हो रही थी खेती
उन्होंने बताया कि नेपाल की ओर से भी नो मेंस लैंड में खेती की जा रही है। अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई के लिए नेपाल की अथॉरिटी से पत्राचार किया जा रहा है। वहां पर वन विभाग की एसडीओ संचिता वर्मा, प्रभारी तहसीलदार वीरेंद्र सजवाण, झनकईया थानाध्यक्ष देवेंद्र गौरव आदि थे।