काशीपुर। कुंडा थाना क्षेत्र स्थित एक गुरुद्वारा में चोरों ने गुल्लक से चोरी का दुस्साहस किया। असफल होने पर चोर सीसीटीवी की डीवीआर लेकर भाग गए। फॉरेंसिक टीम और पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
कुंडा थाना क्षेत्र स्थित करनपुर के मिलाप नगर गुरुद्वारा में बृहस्पतिवार की देर रात चोरों ने परिसर में लगे गुल्लक तोड़कर चोरी करने का प्रयास किया लेकिन वह सफल नहीं हो सके। वे सीसीटीवी की डीवीआर लेकर भाग गए। शुक्रवार की सुबह जब संगत गुरुद्वारा पहुंची तब घटना का पता चला।
चोरी की सूचना मिलने पर क्षेत्र पंचायत सदस्य के प्रत्याशी गुरताज भुल्लर, प्रगट सिंह के अलावा प्रधान पद प्रत्याशी हरिओम गुप्ता, गुरुद्वारा प्रबंधक लखविंदर सिंह, गुरुद्वारा समिति के सदस्य और ग्रंथी मौके पर पहुंच गए। मामले की सूचना पर सीओ दीपक सिंह व कुंडा थाना प्रभारी हरेंद्र चौधरी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए।
उन्होंने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुला लिया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से फुट और फिंगर प्रिंट आदि लिए। सीओ ने बताया कि चोरों ने गुरुद्वारा में लगी गुल्लक से रुपये चोरी करने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो सके। चोरों की तलाश की जा रही है।