काशीपुर। लुधियाना से लखीमपुर के पलिया जा रही एक निजी डबल डेकर बस रविवार को एक खेत में पलट गई। चालक के मुताबिक वाहन के सामने ट्रैक्टर-ट्रॉली आ गई थी। उससे बचने के फेर में हादसा हो गया। बस में सवार 35 यात्रियों में से 5-6 चोटिल हो गए। सभी यात्री इलाज के बाद सुरक्षित हैं।
रविवार की सुबह लगभग 6:30 बजे एक निजी डबल डेकर साधारण बस पंजाब के लुधियाना से यूपी के लखीमपुर खीरी लगभग 35 यात्रियों को लेकर जा रही थी। बस को विक्रम सिंह निवासी लखीमपुर खीरी चला रहा था।
जबकि लखीमपुर खीरी निवासी आरिफ परिचालक के तौर पर सवार था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान आईटीआई थाना क्षेत्र के हाईवे पर स्थित बल्ली ढाबे के पास एक ट्रैक्टर-ट्राली बस के सामने आ गई। चालक विक्रम सिंह बस से नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे खेत में पलट गई।
सूचना पर पहुंची आईटीआई थाना पुलिस ने सभी यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला। थाना प्रभारी कुंदन रौतेला ने बताया कि बस में सवार 35 यात्रियों में 5-6 लोगों को मामूली चोंट आई थीं। जिनको मौके पर इलाज देकर उन्हें अन्य बस से गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
इस दौरान पुलिस ने सभी यात्रियों के जलपान की मौके पर व्यवस्था कर मानवता का परिचय दिया। उन्होंने बताया कि बस में अधिकांश यात्री लखीमपुर खीरी के थे। बस मालिक को थाने बुलाया गया है।